20 Nov 2019

निःशुल्क शिक्षा

भारत की प्राचीन संस्कृति है निःशुल्क शिक्षा अर्थात गुरुकुल पद्धति | सशुल्क शिक्षा पाश्चात्य पद्धति है | लेकिन आज निःशुल्क शिक्षा का चलन विदेशों में बढ़ रहा है, जबकि भारत में लुप्त करने का प्रयास किया जा रहा है |

जिन स्कूलों में निःशुल्क शिक्षा चलन है भी, तो वहाँ शिक्षक और शिक्षक का स्तर ऐसा है कि अभिभावक अपने बच्चों को विवशता में ही उन स्कूलों में भेजते हैं | कई अभिभावक तो खुद भूखे रहकर भी अपने बच्चों को महंगे निजी स्कूलों/कोलेजस में भेजना पसंद करते हैं | क्योंकि उन्हें लगता है कि निःशुल्क शिक्षा का अर्थ है अशिक्षित रह जाना |

सरकारी स्कूलों की संख्या निरंतर कम की जा रही है, ताकि अभिभावकों के पास निजी स्कूलों में अपने बच्चों को भेजने के लिए विवश हो जाएँ | और इन निजी स्कूलों में अधिकांश नेताओं या उनके रिशतेदारों के ही होते हैं |

ऐसी स्थिति में जेएनयू जैसे विश्वविध्यालयों में शुल्क वृद्धि, सिद्ध करती है कि सरकार ही (वैश्यों) व्यापारियों की है | वैश्य अर्थात वे लोग जो परमार्थ भी करते हैं, तो बदले में कुछ न कुछ लाभ कि अपेक्षा अवश्य रखते हैं | बिना लाभ के तो किसी को पानी भी नहीं पूछेंगे | पियाऊ या जलाशय भी बनवाएंगे तो अपने नाम और यशोगान के लिए | और ऐसी सरकार भला निःशुल्क शिक्षा को महत्व कैसे दे सकती है ?

फिर यह सरकार तो इस योग्य भी नहीं कि कुछ नवीन सृजन कर सके, जो पूर्व के सरकारों ने निर्माण किया, उन्हें भी बेचकर या उनका नाम परिवर्तन करके महान बनने की जुगाड़ में लगी रहती है | इनसे यह नहीं हुआ कि जेएनयू में शुल्क वृद्धि करने की बजाए एक नया विश्वविद्यालय बनवाती और उसे दुनिया का सर्वाधिक शुल्क वसूलने वाला विश्व विद्यालय बनाती | यदि दुनिया का सबसे महंगा विश्वविद्यालय प्रति छात्र एक करोड़ रुपए प्रतिवर्ष का शुल्क लगाता है, तो इन्हें चाहिए कि अपने बनवाए विश्वविद्यालय में प्रति छात्र दस करोड़ रुपए प्रतिवर्ष का शुल्क लगाए | किसी को कोई आपत्ति नहीं होगी और न ही कोई विरोध करेगा | बल्कि देश की जनता तो इतनी महान है कि उस विश्वविद्यालय में भी लाइन लगाकर खड़े हो जाएँगे, अपना ईमान, ज़मीर, खेत, जमीन सब बेचकर |

लेकिन सरकार का मुख्य कर्तव्य होता है कि देश के नागरिकों को निःशुल्क शिक्षा, चिकित्सा, सार्वजनिक शौचालयों, जल आदि की व्यवस्था करे | न कि वैश्यों की तरह सेवा के नाम पर व्यवसाय करे | यदि व्यवसाय करने का ही शौक है, तो सरकार भंग करके व्यापारी ही बन जाएँ और जिन्हें देश की सेवा करनी है, उन्हें अवसर प्रदान करें देश की सेवा करने का |

~भरत पारेगी

No comments: