10 Aug 2019

महाभारत और वर्तमान भारत

मेरे लिए महाभारत कोई काल्पनिक ग्रन्थ नहीं, अपितु भारतीय समाज का वास्तविक चित्रण है | इतनी निष्पक्षता से समाज की कुरीतियों, बुराइयों और धर्म व कर्त्तव्य के नाम पर अधर्मियों के पक्ष में खड़े विवश शक्तिशाली व्यक्तियों का चित्रण किसी भी लेखक के लिए कोई आसान काम नहीं था |

महाभारत ऐसी कथा है जो उस समय के भारतीय समाज की कुरीतियों से लेकर धर्म व वचनों के दुरूपयोग का ऐसा संकलन है, जो यह दर्शाता है कि सदियों बाद भी वह वर्तमान की सत्यकथा ही प्रतीत होता है | ऐसा लगता है जैसे वर्तमान के भारतीय समाज का चित्रण वर्षों पहले ही कर दिया गया किसी ने |

आज भी मैं जब समाज को देखता हूँ, धार्मिकों को देखता हूँ, न्याय, राजनीती व सुरक्षा तंत्र से जुड़े हुए लोगों को देखता हूँ, तो पाता हूँ महाभारत के सारे चरित्र आज भी जीवित हैं | और उनका पूरा प्रभाव आज भी स्थापित है वैसे का वैसा ही, जैसे तब रहा जब महाभारत का लेखक लिखने बैठा था |

सत्ता से जुड़े लोगों को देखिये, आप पाएंगे कि कौरवों का ही साम्राज्य आज भी स्थापित है और धार्मिक लोग वैसे ही विवश हैं जैसे कि भीष्म और कर्ण विवश थे | धार्मिक लोग आज भी अधर्मियों के पक्ष में वैसे ही खड़े हैं, जैसे तब खड़े थे.....अर्थात हम नहीं सुधरे आज तक और न ही अधर्म के विरुद्ध होने की कोई इच्छा है न ही अधर्म विरुद्ध होने का संकल्प लेने की क्षमता |

क्योंकि ढोंग और पाखण्ड आज इतना अधिक हावी हो चुका है कि यह एहसास ही नहीं कि हम अधर्म के साथ दे रहे हैं बिलकुल वैसे ही जैसे द्रौपदी चीर हरण के समय कौरवों की सभा में उपस्थित सम्मानित जनों ने मौन समर्थन किया दुर्योधन, शकुनी और दुशासन का |

कर्ण और भीष्म शर्मिंदा थे लेकिन हम शर्मिंदा नहीं हैं क्योंकि हम बेशर्मों के बेताज बादशाह हैं !

महाभारत के पात्रों में भीष्म और युधिष्ठिर को धर्मपरायण माना गया | ऐसे आदर्श के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिनसे अधर्म व अन्याय हो ही नहीं सकता |

लेकिन मैंने पाया कि महाभारत के सभी पात्रों में सर्वाधिक धर्मपरायण कोई रहा, अंत तक धर्म से विमुख यदि को नहीं हुआ, तो वह था कर्ण | कर्ण ही एकमात्र ऐसा चरित्र था, जिसने स्वयं कोई अधर्म या अन्याय नहीं किया | लेकिन फिर भी उससे अधर्म हुआ, क्योंकि वह अपने वचन के कारण अधर्मियों के पक्ष में खड़ा था | बिलकुल वैसे ही, जैसे भीष्म अपने वचनों से बंधा खड़ा रहा अंत तक अधर्मियों के पक्ष में और कौराबों का अधर्म व अन्याय देखता रहा |

No comments: