6 Jul 2019

में निर्भीक हु

अक्सर लोग कहते हैं मुझसे कि मैं बहुत ही निर्भीक हूँ, बिना किसी से भयभीत हुए लिखता हूँ अधर्मियों के विरुद्ध |

क्या आप जानते हैं कि मैं इतना निर्भीक क्यों हूँ, किनसे प्रेरणा लेता हूँ ?

मैं किसी पूर्वज या शहीदों से निर्भीकता की प्रेरणा नहीं लेता, मुझे उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता ही नहीं है | मुझे निर्भीकता की प्रेरणा देते हैं अधर्मी, अत्याचारी, दंगाई, भ्रष्टाचारी, सड़क-छाप लुच्चे लफंगे और इनके आदर्श धूर्त मक्कार, बेईमान, विश्वासघाती नेता और राजनैतिक पार्टियाँ |

मैं अक्सर देखता हूँ कि ये लोग कितने ही उत्पात करें, कितने ही निर्दोषों मासूमों पर अत्याचार करें...ईश्वर इन्हें कुछ नहीं कहता, न ही जनता को इनसे कोई आपत्ति होती है | उलटे जनता इनके तलुए चाटती है, इनसे भयभीत रहती है | स्वयं को धार्मिक और ईश्वर के प्रति समर्पित मानने वाले भी इनसे भयभीत रहते हैं | यानि ईश्वर से अधिक शक्तिशाली इन्हें मानते हैं |

तो मैंने इनका अध्यन शुरू किया कि ये लोग इतने निर्भीक क्यों हैं ? ऐसा कौन है इनके पीछे, जो ईश्वर से भी अधिक ताकतवर है और जिसके कारण ये लोग ईश्वर से भी भयभीत नहीं |

पता चला कि ये सभी लोग जो कुछ भी करते हैं, अपने दम पर करते हैं, किसी ईश्वर के भरोसे नहीं करते | ये लोग ईश्वर के भरोसे नहीं बैठे रहते, जबकि धार्मिक लोग अपनी कायरता छुपाते हैं, सभ्यता और धार्मिकता की आढ़ में | और इन अधमियों को यह रहस्य पता चल चुका है कि शरीफ और धार्मिक लोग कायर होते हैं | यानि उन्हें धार्मिकों और शरीफों की कमजोरी पता चल चुकी है | और इसी लिए मुट्ठी भर लुच्चे, लफंगे, गुंडे-बदमाश आकर शरीफों, धार्मिकों की पूरी भीड़ को अपने कब्जे में कर लेती है |

और जब ईश्वर इन्हें अधर्म करने से नहीं रोकता, अधर्मियों का साथ देने से नहीं रोकता, निर्दोषों, लाचारों पर अत्याचार करने से नहीं रोकता, तो भला मुझे सत्य व धर्म के पथ पर चलने से क्यों रोकेगा ? और इसीलिए ही मैं इन अधर्मियों को प्रेरणा स्त्रोत मानता हूँ अपनी निर्भीकता का |