4 Oct 2019

मेरी बात

मैं समाज का जो चेहरा दिखाना चाहता हूँ, उसे देखना कोई नहीं चाहता | मेरे सभी लेख राजनेताओं, समाज व धर्म के ठेकदारों पर कटाक्ष पर आधारित होते हैं | मैं अब और कुछ नहीं लिख पाता क्योंकि मैं बहुत ही बुरी तरह से आहत हूँ, राजनीतिज्ञों, धर्म व जातियों के ठेकेदारों और खुद को धार्मिक, नैतिक, सभ्य मानने वाले समाज से |

मैं इनके विरुद्ध इसलिए भी लिख पाता हूँ क्योंकि मैं इनपर निर्भर नहीं हूँ | न तो ये मेरे भोजन पानी की व्यवस्था करते हैं और नहीं मुझे नौकरी से निकालने का भय दिखा सकते हैं |

कई बार लोग कहते हैं कि केवल नकारात्मक पोस्ट लिखते हो, दूसरों की बुराइयाँ ही लिखते हो....क्या कुछ भी सकारात्मक नहीं दिखता ?

दिखता है सकारात्मक....बहुत कुछ है सकारात्मक | भारत इतना अमीर देश है कि करोड़ों रूपये के घोटाले हो जाते हैं लेकिन किसी को रत्ती भर भी फर्क नहीं पड़ता | करोड़ों रूपये फिल्मों में फूंक दिए जाते हैं लेकिन उनसे समाज को कोई प्रेरणा नहीं मिलती | करोड़ों रूपये क्रिकेट में फूंक दिए जाते हैं लेकिन उससे देश की भुखमरी नहीं मिटती |

इतना अमीर देश है भारत कि विधायक खरीदे और बेचे जाते हैं और जनता खड़ी होकर तमाशा देखती रहती है |

लोग कहते हैं कि कुछ लोग ही बुरे हैं, बाकी पूरा देश बहुत ही भला है.....सही कहा...उन कुछ बुरे लोगों की वजह से हर रोज 3000 बच्चे भुखमरी से मर रहे हैं.....क्योंकि भले लोग भक्ति में डूबे हुए हैं | कोई नेताओं की भक्ति में बेहोश है तो कोई देवी देवताओं की तो कोई फ़िल्मी सितारों और क्रिकेटर्स की भक्ति में मदहोश है | यदि ये सभी होश में होते, तो क्या एक भी बच्चा भूखा मरता ?

साधू समाज और नेता ढोंगी हैं भारत के क्योंकि भारत के धार्मिक लोग ढोंगी पाखण्डी हैं | करोड़ों रूपये का भोग लगा देते हैं देवी देवताओं को, लेकिन भूखे नागरिकों के लिए इनके पास फूटी कौड़ी नहीं होती | और मैं इसी ढोंग पाखण्ड के विरुद्ध हूँ |

तो बुरा तो लगना ही है समाज को, नेताओं को, राजनैतिक पार्टियों को मेरे लिखने से |

यदि मैं नेताओं की भक्ति में लिख रहा होता, मैं सत्यवान सावित्री की कथा सुना रहा होता, मैं रामायण बाँच रहा होता....तो आज मेरे पास लाखों भक्त और करोड़ों रूपये होते....लेकिन मैं बिलकुल विपरीत चल रहा हूँ, इसलिए अकेला हूँ | चिंता अकेले होने की नहीं है...चिंता इस बात की है कि मेरे लेखों का असर किसी पर नहीं पड़ रहा...सब व्यर्थ जा रहा है |

No comments: