23 Aug 2019

सुखी जीवन का रहस्य:

यदि हम ध्यान से समझने का प्रयास करें, तो सुखी जीवन जीने का रहस्य मात्र इतना है कि 'मैं सुखी तो जग सुखी' के सिद्धांत को अपना लो |

आज तक जितने भी सुखी लोग मैंने देखें हैं, वे सभी 'मैं सुखी तो जग सुखी' के सिद्धांत पर ही जीते हैं | फिर चाहे त्यागी बैरागी बाबा, साधू-संत, महंत, शंकराचार्य हों, या फिर नेता, अभिनेता, अम्बानी, अडानी, जिंदल, माफिया, भूमाफिया या रिश्वतखोर, घोटालेबाज अधिकारी या मंत्री ही हों |

सभी का मूल सिद्धांत है मुझे सुखी होना है, फिर चाहे मेरी वजह से सारी दुनिया ही दुखी क्यों न हो जाए | मेरी कामनाएँ, महत्वाकांक्षाएँ पूरी होनी चाहिए फिर चाहे सारी दुनिया को अपनी मूल भूत आवश्यकताओं को ही क्यों न बिसराना पड़े |

कुछ लोग सोचते हैं कि थोड़े धन की बचत होने लग जाए तो सुखी हो जायेंगे | ये मूर्ख नहीं देखते उनको, जिनके गोदामों में रूपये पड़े रहते हैं, स्विस बैंक में रूपये पड़े रहते हैं, वे सुखी नहीं पाए, उनकी भूख नहीं मिटी |

कुछ लोग सोचते हैं कि बस आरक्षण मिल जाए तो सुखी हो जायेंगे | ये मूर्ख नहीं देखते कि लाखों कम्पनियाँ बंद हो रहीं हैं, कारोबार बंद हो रहा है, करोड़ों बेरोजगार हो रहे हैं | लेकिन इन्हें भ्रम है कि आरक्षण मिल जाएगा तो बेरोजगारी दूर हो जायेगी |

कुछ लोग समझते हैं कि विवाह हो जाए तो सुखी हो जायेंगे | ये मूर्ख नहीं देखते उन्हें जो विवाहित हैं लेकिन घर से भागे भागे फिर हैं | कोई संन्यासी बनने की जुगाड़ लगा रहा है, तो कोई बाबा बनने की जुगाड़ में घूम रहा है |

सत्य तो यही है कि हम सभी सुख ही खोज रहे हैं, ऐश्वर्य ही खोज रहे हैं, फिर चाहे काल्पनिक स्वर्ग, नरक, मोक्ष की कामना ही क्यों न करें | बस जब हम दूसरों से सुख प्राप्त करने की अपेक्षा रखते हैं, तभी समस्या उत्पन्न हो जाती है | दूसरों से सुख नहीं मिलता क्योंकि दूसरा भी पाना ही चाहता है, देना नहीं |