25 Jun 2019

भारत की तसवीर............

स्वयं को सभी तनावों से मुक्त करिए ! मुक्त करिए सभी दुखों से, दूसरों पर हो रहे अत्याचारों, शोषण व अन्याय के दुखों से | मत शोक करिये उनका जो बेमौत मारे जा रहे हैं, मत चिंता करिए उन किसानों की जो आत्महत्या करने के लिए विवश हो रहे हैं | मत चिंतित होइए उन आदिवासियों के लिए,  जिनकी हत्याएं की जा रही हैं भूमाफियाओं के सरकारी व गैर सरकारी हत्यारों द्वारा |

क्रिकेट देखिये, फ़िल्में देखिये ! देखिये कि कटरीना का किस्से चक्कर चल रहा है, देखिये कि किस हीरों की फिल्म कितने करोड़ कमा रही है | देखिये कि किस टीवी सीरियल में सास बहु का झगड़ा दिखाया जा रहा है या फिर देखिये कि भाभी जी घर पर हैं या नहीं |

क्योंकि हम सभी उन नेताओं और राजनैतिक पार्टियों के जनक हैं, संरक्षक हैं, अभिभावक हैं जो समाज व देश सेवा के नाम पर जनता व देश को लूटते और लुटवाते हैं | हम सभी उन माफियाओं, घोटालेबाजों, रिश्वतखोरों के अभिभावक, संरक्षक व जन्मदाता हैं जिन्हें दुनिया सलाम करती है |

हम सभी देशवासी, उतने ही देशभक्त व भ्रष्टाचार, शोषण, अत्याचार, महँगाई व एफडीआई विरोधी हैं, जितने हमारे देश के नेता, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, राजनैतिक पार्टियाँ, धर्म व जातियों के ठेकेदार और सरकारें हैं विरुद्ध हैं इन सब के |

इसलिए जो मारे जा रहे हैं, वे सभी देशद्रोही हैं, और जो जिन्दा बचे हुए हैं अभी तक वे सभी देशभक्त | तो अपने जिन्दा होने की ख़ुशी मनाइये...यह और बात है कि ये मुर्दों वाली ज़िन्दगी एक दिन आपसे भी छीन ली जाएगी ! लेकिन तब तक जश्न मनाइए, ख़ुशी मनाइए, क्रिकेट देखिये, फ़िल्में देखिये |

No comments: