6 May 2019

काल मार्क्स के जन्म दिवस के अवसर पर ~

~काल मार्क्स के जन्म   दिवस के अवसर  पर ~

कार्ल मार्क्स की मूल जर्मन में लिखी यह कविता उनके जीवन पर्यांत संघर्षों का प्रतिबिम्बन है।  । दुनियाभर के मजदूरों के मसीहा, लहराती सफेद दाढ़ी वाले इस 'बाबा' का समूचा जीवन अय्यासी में नहीं, घोर विपन्नता और संघर्षों से भरा रहा। वे चाहते तो दुनिया के सारे ऐशो-आराम उनके कदमों में होते किंतु उन्होंने केवल संघर्ष के मार्ग को चुना, मजदूरों को हर तरह के शोषण से मुक्ति दिलाने पर प्रतिबद्ध रहे। छिछला, निरुद्देश्य और लक्ष्यहीन जीवन उनके गैर-समझौतावादी अंतर्मन को स्वीकार्य नहीं था। जर्मनी में पैदा होकर कभी फ्रांस में रहे, तो कभी बेल्जियम, कभी वियना और अंत में ब्रिटेन के रैड-लाईट इलाके में आखिरी सांस ली। जहाँ भी रहे वहाँ की सरकार को उन्हें निष्काषित करके ही चैन की सांस मिली।

कुछ अपवादों को छोड़ दें तो मजदूर आज भी पहले की तरह ही कड़का है, आज भी वो बेड़ियों में है। आज भी उसके पास खोने के लिए ना फ्लैट है, ना गाड़ी है, ना एसी और ना ही मोटी बीमा पॉलिसियां। उसे नितदिन धर्म नाम की अफीम का अंटा दिया जा रहा है, तो कहीं नस्ल, रंग और जातपात के नाम पर बांटा जा रहा है। खैर छोड़िये... यूं तो चर्चा अंतहीन हो जाएगी। चर्चाएं वैसे ही बहुत हो चुकी हैं, कलमें भी बहुत घिसाई जा चुकी हैं। आप कविता जरूर पढ़िये। वामो हों या दामो, सभी के लिए है:-

कठिनाईयों से रिता जीवन मेरे लिए नहीं,
मेरे तूफानी मन को यह स्वीकार नहीं।
मुझे तो चाहिये एक महान् ऊँचा लक्ष्य,
और उसके लिए उम्र भर संघर्षों का अटूट क्रम।
ओ कला, तूं खोल मानवता की धरोहर,
अपने अमूल्य कोष के द्वार मेरे लिए खोल!
अपनी प्रज्ञा और संवेगों के आलिंगन में,
अखिल विश्व को बाँध लूंगा मैं!
आओ हम बीहड़ और कठिन सुदूर यात्रा पर चलें,
आओ, क्योंकि छिछला, निरुद्देश्य और लक्ष्यहीन जीवन हमें स्वीकार्य नहीं!
हम ऊंघते कलम घिसते हुए उत्पीड़न और लाचारी
में नहीं जीएंगे!
हम आकांक्षा, आक्रोश, आवेग, और अभिमान में,
असली इंसान की तरह जीएंगे!

No comments: