7 Feb 2019

सविता आंबेडकर के बारे में

इतिहास का सफर हो या राजनीति की यात्रा, जब भी कोई महिला किसी महापुरुष से उनकी जीवन साथी बनकर जुड़ती है तो उस ऐतिहासिक घटना की चर्चा न हो, ऐसा सम्भव नहीं होता। ऐसे अवसर पर कुछ लोग नई जानकारी तथा नए तथ्य जुटाने में लग जाते हैं। कुछ के लिए यह रहस्य की परतों को इधर-उधर करना होता है। पर मेरे लिए ऐसा कुछ भी न था। इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर मेरे लिए एक सम्मानित शख़्सियत रहे हैं। और प्रेरक भी। उनसे जो जुड़ा उसका भी सम्मान करना मेरा दायित्व है और रहेगा। फिर डॉ. आंबेडकर से विवाह करने वाली शारदा कबीर भी कोई कम महत्वपूर्ण शख्सियत न थीं। 1937 में उन्होंने बम्बई के ग्रांट मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया था। आजादी से पूर्व एमबीबीएस करना बड़ी बात थी।

 बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के जीवन संघर्ष के बारे में अध्ययन करने पर सविता आंबेडकर के बारे में

भी जानने का मुझे अवसर मिला। आरम्भ में उनके बारे में नकारात्मक बातें अधिक सुनने को मिलती थीं। देश  में जहाँ-जहाँ मैं जाता था, वहाँ-वहाँ उन्हें गलत शब्दों के साथ सम्बोधित किया जाता था। उनकी बातें सुनकर मुझे बहुत ही बुरा लगता था। कोई उन्हें बाबा साहेब की मौत की जिम्मेदार बताता तो कोई उन्हें जिद्दी और ईर्ष्यालु कहता। और भी ऐसे शब्दों का प्रयोग वे करते, जिन्हें लिखते हुए भी मुझे अच्छा नहीं लगता है।

   मैं यह सोचने पर मजबूर हो जाता कि क्या वास्तव में ही सविता आंबेडकर ऐसी थीं। मेरा मन नहीं मानता। ऐसे लोगों में जो अपने आप को आंबेडकरवादी कहते नहीं थकते थे, उनमें देवनगर से मोहनलाल गौतम, वामन मेश्राम, और बाबा साहेब के साथ उनके सहयोगी के रूप में कार्य किये सोहन लाल शास्त्री, शंकरानंद शास्त्री तथा नानक चंद रत्तू। सविता जी के आलोचकों की सूची में और बहुत से नाम जुड़ सकते हैं। लेकिन हमारा उद्देश्य यह नहीं है। हमारा मन्तव्य तो एक ब्राह्मण कुल में जन्म लेने वाली उस प्रगतिशील महिला के बारे में पाठकों को परिचित कराना है जो न केवल अपना धर्म बल्कि संस्कृति भी पीछे छोड़ आई थी। जिसके लिए उनके पति यानि डॉ. आंबेडकर जीवन साथी ही नहीं, बल्कि उससे भी अधिक, सब कुछ थे। विवाह के अगले पल से ही उनके जीवन में बदलाव आ गया था, जिसके लिए वे तैयार भी थीं।
भरत पारेगी